"स्वतंत्रता, स्वच्छंदता और आज़ादी: स्त्री जीवन के तीन आयाम"
मानव जीवन के सबसे महत्वपूर्ण मूल्यों में स्वतंत्रता का स्थान सर्वोपरि है। यह स्वतंत्रता केवल पुरुष के लिए ही नहीं, बल्कि स्त्री के लिए भी उतनी ही अनिवार्य है। परंतु समस्या तब आती है जब "स्वतंत्रता" को "स्वच्छंदता" समझ लिया जाता है और "आज़ादी" को हर बंधन तोड़ देने का अधिकार मान लिया जाता है। खासकर महिलाओं के संदर्भ में यह भ्रम और भी गहरा हो जाता है। आज यह देखने को मिलता है कि वे यह सोचने लगी हैं कि स्वतंत्रता का अर्थ है हर उस जिम्मेदारी से छुटकारा, जो उन्हें पारिवारिक या सामाजिक ढांचे में निभानी पड़ती है। लेकिन क्या सचमुच स्वतंत्रता का यही अर्थ है? भारतीय सनातन संस्कृति में स्वतंत्रता और स्वच्छंदता के बीच गहरा अंतर बताया गया है।स्वतंत्रता वह है,जो व्यक्ति को अपने भीतर से विकसित करती है, उसके व्यक्तित्व को निखारती है, और उसे कर्तव्य और अधिकार के बीच संतुलन सिखाती है। वहीं, स्वच्छंदता का अर्थ है- हर बंधन से मुक्त होकर केवल अपनी इच्छाओं और आकांक्षाओं का पीछा करना, चाहे उसका परिणाम समाज या परिवार पर कैसा भी क्यों न पड़े।आज़ादी, इन दोनों से अलग एक व्याप...